रायबरेली जनपद को उन्नाव कानपुर से जोड़ने वाले मार्ग पर बना पुल वर्तमान समय में हो रहा है प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार

रायबरेली जनपद को उन्नाव कानपुर से जोड़ने वाले मार्ग पर बना पुल वर्तमान समय में हो रहा है प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647

बछरावां रायबरेली- जी हाँ, बछरावां से मौरावां को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित सई नदी का पुल इस समय प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार होकर गंभीर खतरे का सबब बना हुआ है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों और राहगीरों की आवाजाही वाले इस व्यस्त मार्ग पर सुरक्षा के नाम पर भारी अनदेखी की जा रही है, जिससे कभी भी कोई भीषण दुर्घटना घटित हो सकती है। बारिश के कारण पुल के मुहाने और एप्रोच रोड पर गहरे गड्ढे हो गए हैं, जो जलभराव के कारण तालाब की शक्ल में परिवर्तित हो चुके हैं। सड़क का डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और केवल कंक्रीट, मलबे व लाल मिट्टी का जमावड़ा रह गया है। पानी भरा होने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे खासकर दोपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं।सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि इस खतरनाक जगह पर ठोस मरम्मत कराने के बजाय ईंटों की एक कच्ची और आधी-अधूरी दीवार खड़ी कर दी गई है। सड़क पर बिखरी ईंटें और अव्यवस्थित मलबा रात के अंधेरे में या तेज रफ्तार वाहनों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। इसके अलावा, पुल की सुरक्षा रेलिंग भी पूरी तरह जर्जर अवस्था में है, जिसे ईंटों के सहारे ही अटका कर रखा गया है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ो की संख्या में प्रदेश के कई जनपदों भारी वाहन (ट्रक, बसें, ट्रैक्टर-ट्रॉली) अन्य वाहन गुजरते हैं। संकरे और बदहाल रास्ते के कारण वाहनों के अनियंत्रित होकर पलटने या सई नदी में गिरने की पूरी आशंका बनी हुई है। स्थानीय निवासियों में इस बदहाली को लेकर भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इस मार्ग की यही स्थिति है, लेकिन संबंधित विभाग पूरी तरह बेपरवाह बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि बछरावां- मौरावां मार्ग पर सई नदी के इस पुल की तत्काल युद्धस्तर पर मरम्मत कराई जाए, सड़क के गड्ढों को भरा जाए और पक्की बैरिकेडिंग व रेलिंग का निर्माण कराकर यातायात को सुरक्षित बनाया जाए।