रायबरेली-बिजली संकट पर हिंदू महासभा का अल्टीमेटम,22 तक सुधार नहीं तो 24 अगस्त को धरना
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
ग्रामीण क्षेत्रों में महज 5-6 घंटे बिजली मिलने का दावा,किसानों की सिंचाई प्रभावित होने पर जताई चिंता
मलकेगांव उपकेंद्र की व्यवस्था सुधारने और अघोषित कटौती व गलत रोस्टरिंग बंद करने की मांग
प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र अग्निहोत्री ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर की 22 अगस्त तक सुधार की मांग
रायबरेली-विधानसभा क्षेत्र सरेनी-182 के ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था को लेकर अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने प्रशासन और विद्युत विभाग के समक्ष नाराजगी जताई है।संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र अग्निहोत्री ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्रों,विशेषकर मलकेगांव उपकेंद्र की व्यवस्था में तत्काल सुधार कर नियमित एवं पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों से ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब है।संगठन के अनुसार कई स्थानों पर पूरे दिन में महज पांच से छह घंटे ही बिजली मिल पा रही है,जिससे आमजन,किसान,व्यापारी तथा छात्र-छात्राएं परेशान हैं।विशेष रूप से मलकेगांव विद्युत उपकेंद्र से संबंधित क्षेत्रों में अघोषित विद्युत कटौती और रोस्टरिंग के कारण स्थिति गंभीर होने का दावा किया गया है।ज्ञापन में कहा गया कि पर्याप्त बिजली न मिलने से किसान अपनी फसलों की समय से सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं।भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीण आबादी को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।संगठन ने विद्युत उपकेंद्रों पर तकनीकी खराबियों और ओवरलोड़ की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है।प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र अग्निहोत्री ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि सरेनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी संबंधित विद्युत उपकेंद्रों से नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए,अनावश्यक एवं अघोषित कटौती तथा गलत रोस्टरिंग तत्काल बंद की जाए और किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त समय तक निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए।साथ ही उपकेंद्रों पर तकनीकी खामियों और ओवरलोड़ की समस्या दूर करने तथा पर्याप्त संख्या में लाइनमैन व कर्मचारियों की तैनाती की मांग की गई है।ज्ञापन में विद्युत व्यवस्था में 22 अगस्त 2026 तक प्रभावी सुधार सुनिश्चित करने की मांग की गई है।इसमें चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय तक व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्रीय किसानों एवं आमजन की समस्याओं को लेकर 24 अगस्त को मल्केगांव पावर हाउस/विद्युत उपकेंद्र परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।ज्ञापन में धरना-प्रदर्शन की स्थिति उत्पन्न होने की जिम्मेदारी संबंधित विद्युत विभाग एवं प्रशासन की होने की बात कही गई है।संगठन ने जनहित एवं किसान हित को ध्यान में रखते हुए विद्युत व्यवस्था में तत्काल आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।इस मौके पर शैलेंद्र अग्निहोत्री (प्रदेश अध्यक्ष अखिल भारतीय हिंदू महासभा),अनूप अग्रवाल (प्रदेश उपाध्यक्ष),राजेश कुमार सिंह (प्रदेश महामंत्री),विवेक मिश्रा (प्रदेश महासचिव),दीपू सिंह (जिलाध्यक्ष,रायबरेली),राकेश द्विवेदी,विष्णु तिवारी,योगेश द्विवेदी,गजेंद्र शुक्ला,अभिषेक उपाध्याय आदि संगठन के प्रभारी मौजूद रहे।

rexpress 