रायबरेली में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टियां रद्द
रिपोर्ट - केशवानन्द शुक्ला
मो - 7309336397
संक्रामक रोग, बाढ़ और पर्व को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 24 घंटे सक्रिय रहेंगी इमरजेंसी व पैथोलॉजी सेवाएं
रायबरेली: जिले में संक्रामक रोगों, बाढ़ की संभावित स्थिति और आगामी पर्वों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। प्रभारी सीएमओ डॉ. मनोज शुक्ला ने चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए निगरानी और उपचार व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। कार्यालय में विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। डॉ. आरएस कोठार को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रभारी सीएमओ ने रिस्पांस और सर्विलांस टीमों को किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने तथा प्रभावित लोगों तक शीघ्र राहत और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। सीएचसी और पीएचसी पर स्वास्थ्य सेवाएं चालू रहेंगी, जबकि इमरजेंसी और पैथोलॉजी सेवाओं को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।

rexpress 