गर्लफ्रेंड के बर्थडे पर कारों का काफिला और गैंगस्टर का केस, पुलिस ने किया गिरफ्तार तो फोड़ लिया सिर. कौन है ये अजय ठाकुर?

गर्लफ्रेंड का जन्मदिन मनाने के लिए कारों का काफिला निकालने वाला जिला बदर गैंग्सटर अजय ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बर्रा और गोविंद नगर थाना पुलिस मंगलवार सुबह उसके घर दबिश देने पहुंची तो वह उनसे भिड़ गया और परिजन हंगामा करने लगे।
इंस्टाग्राम पर वायरल हुए वीडियो
जरौली फेस-वन तिवारी अजय ठाकुर के सोमवार को इंस्टाग्राम पर कई वीडियो वायरल हुए। इसमें एक वीडियो में अजय ठाकुर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बिना नंबर प्लेट की स्कार्पियो से चल रहा है। उसके पीछे एक दर्जन कारों का काफिला भी साथ चल रहा था।
काफिला दक्षिण जोन की कई सड़कों से होते हुए पराग डेयरी के सामने से निराला नगर रेलवे ग्राउंड पहुंचा और वहां कार राउंड लगाते हुए स्टंटबाजी करते दिखी। उसने यह वीडियो खुद रील के रूप में बनवाया और इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था।
इसकी खबर मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। मंगलवार सुबह मुखबिर की सूचना पर बर्रा और गोविंद नगर थाना पुलिस उसके घर पहुंच गई। उसे पकड़ते ही वह उनसे भिड़ गया और उसके परिजन हंगामा करने लगे। यहां तक उसने दीवार पर अपना सिर भी भिड़ा दिया और जख्मी हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे नहीं छोड़ा।गोविंद नगर थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि अजय के खिलाफ तेज गति से कार चलाने और लोगों की जान खतरे में डालने की धारा में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं, बर्रा थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि अजय ठाकुर जिला बदर होने के बाद भी शहर में घूम रहा था। उस पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
दो माह पहले ही जमानत पर आया था जेल से बाहर
क्षेत्र में अपना वर्चस्व कायम रखने के लिए अजय ठाकुर हर बार नए-नए कारनामे करता है। अजय कुछ सफेदपोशों के सरंक्षण में रहकर उन्हें लड़कों की भीड़ रैली या सम्मेलन में मुहैया कराता है। उसके एवज में क्षेत्र में वर्चस्व कायम रखता है।
किसी को झगड़ा होने पर वह 50-60 लड़कों को उनके साथ भेज देता है। 28 जनवरी 2024 में अपना दल एस की रैली में मारपीट, पथराव व एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चलने पर उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित हुआ था। पुलिस टीम ने 28 फरवरी 2024 को उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। करीब दो माह पहले जमानत पर वह बाहर आया।
अजय पर 28 मुकदमे दर्ज
अजय ठाकुर पर पहला मुकदमा वर्ष 2016 में बर्रा थाने में रंगदारी न देने पर युवक से मारपीट व धमकाने का दर्ज हुआ था। इसके बाद मानो उसने अपराध की संख्या बढ़ाने का निर्णय ले लिया हो।
उसने अपना वर्चस्व कायम रखने के लिए साथियों के साथ एक के बाद एक वारदात करता रहा। उसके खिलाफ बर्रा, गोविंंद नगर, किदवई नगर, नौबस्ता थानों में आर्म्स एक्ट, रंगदारी, पॉक्सो, दुष्कर्म, आईटी एक्ट, बलवा, रंगदारी समेत धाराओं में अब 28 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।



