जांच टीम की लोकेशन लीक कर रहा था संदिग्ध वाहन, खनन विभाग ने पकड़ा, चालक फरार
ओवरलोड और अवैध खनन में लगे वाहनों को देता था जांच टीम की भनक, खनन विभाग की तहरीर पर एफआईआर दर्ज
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावां रायबरेली- बछरावां-लालगंज मार्ग पर अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चल रही कार्यवाही के बीच खनन विभाग ने एक ऐसे संदिग्ध वाहन को पकड़ा है, जिस पर जांच टीम की लोकेशन ओवरलोड और बिना परिवहन प्रपत्र के उपखनिज ढोने वाले वाहन मालिकों तक पहुंचाने का आरोप है। कार्यवाही के दौरान वाहन चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। खनन विभाग की तहरीर पर बछरावां थाने में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। जिलाधिकारी सरनीत कौर के निर्देश पर खनन विभाग और निदेशालय, भूतत्व एवं खनिकर्म लखनऊ की टीम द्वारा बछरावां-लालगंज मार्ग पर लगातार मोरम, गिट्टी, डस्ट और बालू के अवैध परिवहन तथा ओवरलोड वाहनों की जांच की जा रही है। विभागीय तहरीर के मुताबिक, वाहन संख्या UP32QV5254 कथित तौर पर जांच टीम के वाहनों का पीछा कर रहा था और इसकी मदद से अवैध रूप से उपखनिज ले जाने वाले वाहन मालिकों को टीम की लोकेशन की जानकारी दी जा रही थी। 19 अगस्त को टीम ने उक्त वाहन का पीछा करते हुए पश्चिम गांव बाईपास लखनऊ रोड, नहर के पास घेराबंदी की। टीम को देखते ही वाहन चालक कथित तौर पर वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बाद में वाहन को बछरावां पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। खनन विभाग की तहरीर में आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर अनिल निवासी लालगंज का नाम सामने आने का दावा किया गया है। आरोप है कि वाहन मालिकों से मिलीभगत कर जांच टीम की लोकेशन उपलब्ध कराते हुए ओवरलोड और बिना परिवहन प्रपत्र वाले वाहनों के अवैध परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा था, जिससे सरकार को राजस्व की भारी क्षति हो रही है। खनन विभाग ने वाहन और कथित लोकेटर के फोटोग्राफ भी तहरीर के साथ संलग्न किए हैं। खान अधिकारी/खान निरीक्षक सुरेश लकड़ा की ओर से बछरावां थाने में तहरीर देकर संबंधित के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराकर विधिक कार्यवाही की मांग की गई है। पुलिस अब मामले में आरोपों की जांच कर रही है।

rexpress 