रायबरेली बारिश से कच्चा मकान भरभरा कर गिरा, बाल-बाल बचा परिवार
खाने-पीने का सामान मलबे में दबा, खुले आसमान के नीचे काट रहे रात
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
महराजगंज रायबरेली- लगातार हो रही तेज बारिश से जिले में कच्चे मकानों पर खतरा बढ़ गया है। महराजगंज विकासखंड के मऊ गर्वी गांव में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश के बीच रामकुमार उर्फ सदाशिव पुत्र राम सेवक का कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सभी लोग घर के अंदर ही थे, लेकिन गिरने की आहट मिलते ही वे आनन-फानन में बाहर निकल आए। इस वजह से कोई जनहानि नहीं हुई। मकान गिरते ही अंदर रखा अनाज, कपड़े और गृहस्थी का पूरा सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। मकान गिरने के बाद अब परिवार के सामने सिर छिपाने के साथ-साथ दो वक्त के खाने का भी संकट खड़ा हो गया है। रामकुमार मऊ बाजार में छोटी सी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर होने के बावजूद उन्हें अब तक सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका था। इसी वजह से परिवार लंबे समय से जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। अब मकान गिरने के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को विवश है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को संभाला। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री, आर्थिक सहायता और आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

rexpress 