Raibareli- पुलिस ने खंगाले 40 सीसीटीवी कैमरे प्रतापगढ़ को भागते दिखे बदमाश

मां-बेटी सहित तीन लोगों की पिटाई और बकरी चोरी के बाद बदमाश बोलेरो में सवार होकर प्रतापगढ़ की तरफ भागे थे। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में बोलेरो से जाते हुए बदमाश दिख रहे हैं।
सलोन कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली महिला, उनकी मां और छह वर्षीय बेटे को शुक्रवार की रात बोलेरो सवार तीन बदमाशों ने बंधक बनाकर जमकर पीटा था। चार बकरी भी चुरा ले गए थे। मारपीट में तीनों को गंभीर चोटें आईं थीं। महिला ने सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप भी लगाया था। हालांकि जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई थी।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने सलोन से ऊंंचाहार कोतवाली तक दुकानों व घरों पर लगे करीब 40 सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। पुलिस सूत्रों के अनुसार फुटेज में बदमाश बोलेरो में सवार होकर ऊंचाहार से सलोन सीधे रास्ते से न आकर अन्य मार्गों से होकर पहुंचते हुए दिखाई दिए। पुलिस पता लगा रही है कि घटना में प्रयुक्त बोलेरो किसकी है। यदि वाहन के बारे में जानकारी हो जाएगी तो बदमाशों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।
कोतवाल बृजेश कुमार राय ने बताया कि बदमाशों के बारे में कुछ सुराग हाथ लगे हैं। जल्द उनको गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।


