रायबरेली-पैसों के लेनदेन को लेकर खूनी संघर्ष, दो पक्षों में मारपीट; 7 घायल, एक जिला अस्पताल रेफर
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली के लालगंज थाना क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालगंज में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना लालगंज कस्बे की सब्जी मंडी में लगी बबली प्रदर्शनी की है। जानकारी के अनुसार, सर्राफा मंडी निवासी अमन सोनकर की मुलाकात डलमऊ निवासी राज मिश्रा से हुई। अमन ने राज से अपने उधार दिए गए पैसे वापस मांगे, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों व मारपीट के साथ खूनी संघर्ष शुरू हो गया। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
संघर्ष में दोनों पक्षों के सात लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को सीएचसी लालगंज में भर्ती कराया गया, जहां श्रवण सोनकर की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

rexpress 