रायबरेली-ड्राइवर ने पुलिस पर मारपीट करने का लगाया आरोप,वीडियो हुआ वायरल

रायबरेली-ड्राइवर ने पुलिस पर मारपीट करने का लगाया आरोप,वीडियो हुआ वायरल

-:विज्ञापन:-

 

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली-डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के मुराईबाग में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस की चलती गाड़ी से एक ट्रक चालक अचानक कूद पड़ा। चालक पुलिसकर्मियों से बचने के लिए सड़क पर भागता रहा, जबकि पुलिसकर्मी उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़ते रहे।

करीब एक घंटे तक चले इस हाइवोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

महराजगंज के चंदापुर के ट्रक चालक लवकुश यादव ने बताया कि वह बांदा से गिट्टी लादकर रायबरेली जा रहा था। आरोप है कि नेवाजगंज के पास पुलिसकर्मियों ने ट्रक रोककर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया और जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया।

चालक ने क्या आरोप लगाए?
चालक का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने उसे नशे में होने की बात कहकर मेडिकल कराने की बात कही, लेकिन रास्ते में गाड़ी के भीतर उसकी पिटाई की और जेल भेजने की धमकी भी दी। चालक के अनुसार, मुराईबाग चौकी के पास मौका मिलते ही वह चलती पुलिस गाड़ी से कूद गया। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन वह उनसे बचता रहा।

इस दौरान चालक और पुलिसकर्मियों के बीच काफी देर तक कहासुनी भी हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों का आरोप है कि मुराईबाग और डलमऊ क्षेत्र में तैनात कुछ पुलिसकर्मी आए दिन वाहन चालकों के साथ अभद्रता करते हैं।
चालक के साथ हुई घटना के बाद लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। कोतवाली प्रभारी राघवन कुमार सिंह का कहना है कि ट्रक चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन रही थी। इसी कारण उसका चालान किया गया है। पिटाई के आरोप निराधार हैं।