रायबरेली-बोलेरो रोककर बीईओ व शिक्षक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

रायबरेली-बोलेरो रोककर बीईओ व शिक्षक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

-:विज्ञापन:-

 

रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647


बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज घटना सामने आई। जब चुरुवा पश्चिम गांव बाईपास मार्ग मोड़ के पास टवेरा सवार 4 से 5 अज्ञात बदमाशों ने बोलेरो सवार खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मुकेश कुमार तथा प्राथमिक विद्यालय छत्ता का पुरवा के शिक्षक राजेश यादव पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बीईओ मुकेश कुमार और शिक्षक राजेश सरकारी वाहन बोलेरो से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही टवेरा कार ने उनकी बोलेरो को ओवरटेक कर आगे रास्ता रोक लिया। इसके बाद टवेरा से 4 से 5 अज्ञात युवक उतर आए और बिना किसी बातचीत के दोनों पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों संभल भी नहीं सके और गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के दौरान बोलेरो चालक राजकरन निवासी खीरो बदमाशों को देखकर मौके से भाग निकला। वहीं दोनों घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख हमलावर दोनों को लहूलुहान हालत में छोड़कर टवेरा से फरार हो गए। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे पुरानी रंजिश की चर्चा सामने आ रही है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल कहना है कि तहरीर मिलने के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी। वहीं दिनदहाड़े खंड शिक्षा अधिकारी और शिक्षक पर हुए इस जानलेवा हमले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।