रायबरेली-शादी की खुशियां मातम में बदलीं: एनएच-31 पर डंपर की टक्कर से युवक की गई जान

रायबरेली-शादी की खुशियां मातम में बदलीं: एनएच-31 पर डंपर की टक्कर से युवक की गई जान

-:विज्ञापन:-




रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647


खीरों रायबरेली। थाना क्षेत्र के ठाकुरपुर मजरे रमुवापुर दुबई निवासी 30 वर्षीय सचिन मिश्रा की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह घर पर रहकर कृषि कार्य करता था। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।बताया जा रहा है कि सचिन मिश्रा पुत्र विनोद मिश्रा अपनी बहन के घर शादी के सिलसिले में सामान लेकर बुधवार देर रात बाइक (यूपी 33 सीएल 1268) से उन्नाव जनपद के बिहार थाना क्षेत्र स्थित रामपुर गांव जा रहा था। बहन के घर दो दिन बाद शादी समारोह होना था, जिससे परिवार में खुशियों का माहौल था। इसी दौरान आकमपुर गांव के सामने एनएच-31 पर तेज रफ्तार डंपर (यूपी 32 टीएन 1705) ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल सचिन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां साधना मिश्रा, छोटे भाई नवीन मिश्रा व रॉबिन मिश्रा तथा तीनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की तैयारियां शोक में बदल गईं। बिहार थाना प्रभारी ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की नंबर प्लेट मौके पर टूटकर गिर गई थी, जिससे वाहन की पहचान हो गई है। आरोपी वाहन चालक को जल्द ही हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।