रायबरेली-अंतर्राष्ट्रीय बाल, शीघ्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस पर विशेष जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली-उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा मा० अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश, रायबरेली सै० माऊज बिन आसिम के निर्देशानुसार एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली अनिशा की अध्यक्षता में श्री के.बी. सिन्हा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, देवानंदपुर में अंतर्राष्ट्रीय बाल, शीघ्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर विशेष जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि प्रतिवर्ष 27 नवम्बर को अंतर्राष्ट्रीय बाल, शीघ्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस मनाया जाता है। यह दिवस भारत सरकार के महत्वाकांक्षी 'बाल विवाह मुक्त भारत' अभियान की वर्षगांठ के अवसर पर भी विशेष महत्व रखता है। इसी क्रम में माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
उन्होंने कहा कि छात्राएं देश का वर्तमान और भविष्य हैं। उनकी उम्र शिक्षा ग्रहण करने, अपने सपनों को साकार करने, खेलने और आत्मनिर्भर बनने की है। कम उम्र में विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करता है। बाल विवाह केवल सामाजिक कुरीति ही नहीं, बल्कि कानूनन दंडनीय अपराध भी है।
उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान कानून के अनुसार विवाह के लिए लड़की की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा लड़के की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित आयु से पहले विवाह करना, करवाना अथवा उसमें किसी भी प्रकार का सहयोग देना कानूनन अपराध है, जिसके लिए कठोर कारावास एवं जुर्माने का प्रावधान है।
सचिव ने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक एवं निडर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा ही उनके सशक्तीकरण का सबसे बड़ा माध्यम है। यदि उनके आसपास, मोहल्ले, गांव अथवा किसी सहपाठी के कम उम्र में विवाह की जानकारी मिलती है, तो वे चुप न रहें और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
इस अवसर पर बाल विवाह रोकने, बच्चों के संरक्षण, निःशुल्क विधिक सहायता एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। किसी भी बाल विवाह की सूचना देने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा पुलिस सहायता नंबर 112 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देकर छात्राओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या सरोज सिंह, अध्यापिकाएं अंजू मौर्य, गायत्री देवी, अंजू शरण, बबीता देवी, शिवकेता पोरवाल तथा पराविधिक स्वयंसेवक अमिता गुप्ता, अजीत कुमार एवं पवन कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

rexpress 