रायबरेली-बड़े मंगल पर प्रसाद लेने पहुंचे मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति को पुजारी ने पीटा,वीडियो वायरल
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक मानसिक विक्षिप्त युवक को हनुमान मंदिर में भंडारे के दौरान पुजारी ने लात मारी और फिर उसे कॉलर से खींचते हुए सड़क किनारे फेंक दिया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के जहानाबाद चौकी अंतर्गत दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में हुई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को ज्येष्ठ माह के अंतिम बड़े मंगल पर मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया था। सुबह से ही श्रद्धालु भंडारे में शामिल होने के लिए पहुंच रहे थे। भीड़ अधिक होने के कारण भक्तों को लाइन में लगाकर मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 9:30 बजे एक मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति मंदिर में आया और बार-बार अंदर जाने की कोशिश करने लगा, लेकिन सेवादार उसे गेट पर रोकते रहे। इस शोरगुल को सुनकर पुजारी और अध्यक्ष भीम शंकर द्विवेदी वहां पहुंचे।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पुजारी सीढ़ियों पर खड़े मानसिक विक्षिप्त युवक को जोरदार लात मारता है, जिससे वह कुछ दूर जाकर गिर जाता है और बेहोश हो जाता है। इसके बाद पुजारी उसे कॉलर से खींचते हुए सड़क किनारे फेंक देता है। इस घटना के बाद पुजारी ने सफाई देते हुए कहा कि युवक भगवान के लिए अपमानजनक बातें कर रहा था और महिलाओं से छेड़खानी कर रहा था। नगर कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

rexpress 