रायबरेली-संविधान दिवस पर राइजिंग चाइल्ड स्कूल में हुआ विशेष आयोजन
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
नन्हे सांसदों ने दिखाई संसदीय कार्यवाही, संविधान के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
रायबरेली- शहर के प्रभुटाउन स्थित राइजिंग चाइल्ड स्कूल में संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लोकसभा की कार्यवाही का नाट्य मंचन रहा, जिसमें विद्यालय के जूनियर सेक्शन के छात्र-छात्राओं ने एक विशेष एक्ट के माध्यम से संसद की कार्यप्रणाली, सदन में होने वाली चर्चा, प्रश्नोत्तर तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
नन्हे विद्यार्थियों ने सांसदों की भूमिका निभाते हुए लोकसभा की कार्यवाही को जिस आत्मविश्वास, अनुशासन और सहजता के साथ प्रस्तुत किया, वह सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। इस प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा श्रीवास्तव ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। विद्यालय के प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव, एडवोकेट ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले छात्र-छात्राओं में अभय, आराध्या, अनिकेत, अग्रिमा, सानिध्या, आयुष, अरमान, अविका, आद्या, गौरान्वी, शौर्य, प्रतीक, नुमान, अरहम, दिव्यांशु, ग़ाज़ी, कृष्णा सहित सभी विद्यार्थियों का प्रदर्शन उच्च कोटि का रहा। बच्चों की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को प्रभावित किया और पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी रविंद्र नाथ हरि, गरिमा सिंह, सावन गुप्ता का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन हरप्रीत कौर के द्वारा किया गया।

rexpress 