रायबरेली: PET-2026 परीक्षा के चलते 30 अक्टूबर को सभी विद्यालयों में शैक्षणिक अवकाश घोषित
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई समेत सभी मान्यता प्राप्त विद्यालय रहेंगे बंद, परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षक-कर्मचारियों को मिली जिम्मेदारी से छूट नहीं
रायबरेली, 29 अक्टूबर 2026। प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 की लिखित परीक्षा के आयोजन को देखते हुए रायबरेली जनपद के सभी विद्यालयों में 30 अक्टूबर, शुक्रवार को एक दिवसीय शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है। शासन के निर्देशों के अनुपालन में जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जनपद के यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत बोर्ड, मदरसा बोर्ड सहित अन्य सभी मान्यता प्राप्त बोर्ड के विद्यालयों में 30 अक्टूबर को शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी। इस निर्णय से विद्यार्थियों को एक दिन का अवकाश मिलेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने सभी विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि PET-2026 परीक्षा में जिन शिक्षकों और कर्मचारियों की ड्यूटी पहले से निर्धारित है, उन्हें अवकाश के बावजूद अपने आवंटित परीक्षा संबंधी दायित्वों का अनिवार्य रूप से निर्वहन करना होगा।
प्रशासन की ओर से परीक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

rexpress 