रायबरेली-जमीनी बंटवारे के विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, पांच घायल
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र में जमीनी बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट की इस घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए।
घटना जगतपुर थाना क्षेत्र के बसई मजरे चूली गांव की है। बताया जा रहा है कि जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
सूचना मिलते ही पीआरवी-112 और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जगतपुर भेजा, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, हालांकि स्थिति फिलहाल पुलिस के नियंत्रण में बताई जा रही है।

rexpress 