रायबरेली-विभिन्न विद्यालयों में संविधान संवाद अभियान के तहत परिचर्चा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रायबरेली-विभिन्न विद्यालयों में संविधान संवाद अभियान के तहत परिचर्चा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824


रायबरेली-उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा माननीय अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश, रायबरेली सै० माऊज बिन आसिम के निर्देशानुसार एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली अनिशा के दिशा-निर्देशन में संविधान संवाद कार्यक्रम के अन्तर्गत आज जनपद के मदर टेरेसा इण्टर कॉलेज, सन्त कँवर राम इण्टर कॉलेज तथा देदौर इण्टर कॉलेज में परिचर्चा एवं जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।
          मदर टेरेसा इण्टर कॉलेज में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिशा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के सम्बन्ध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि जहाँ मौलिक अधिकार नागरिकों को प्राप्त हैं, वहीं राज्य के नीति निदेशक तत्व सरकार के लिए लक्ष्य एवं मार्गदर्शक सिद्धान्तों के रूप में कार्य करते हैं। इनका उद्देश्य कल्याणकारी राज्य की स्थापना करना है, जिसके अन्तर्गत सभी को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएँ, स्वच्छ पर्यावरण तथा समान अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
          सन्त कँवर राम इण्टर कॉलेज, रायबरेली में अपर सिविल जज विनय शील ने छात्र-छात्राओं को बताया कि भारतीय संविधान देश का सर्वोच्च लिखित कानून है। यह भारत को सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य घोषित करता है। उन्होंने समानता के अधिकार की जानकारी देते हुए बताया कि कानून की दृष्टि में सभी व्यक्ति समान हैं। जाति, धर्म, लिंग अथवा आर्थिक स्थिति के आधार पर किसी भी व्यक्ति के साथ भेदभाव नहीं किया जा सकता।
          इसी क्रम में देदौर इण्टर कॉलेज में आयोजित जागरूकता शिविर में अपर सिविल जज समृद्धि मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के विभिन्न पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना के महत्व को समझाते हुए बताया कि जिस प्रकार किसी पुस्तक को समझने के लिए उसका परिचय महत्वपूर्ण होता है, उसी प्रकार संविधान की प्रस्तावना पूरे संविधान का सार है। इसकी शुरुआत 'हम, भारत के लोग' शब्दों से होती है, जिसका अर्थ है कि भारत की सर्वोच्च शक्ति देश की जनता में निहित है।
          उक्त जागरूकता कार्यक्रमों में मदर टेरेसा इण्टर कॉलेज की प्रधानाचार्या कविता अवस्थी, शिक्षक रजनीश कुमार त्रिवेदी, कृपा शंकर एवं संतोष अग्रहरि, सन्त कँवर राम इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य रामानन्द शुक्ला, देदौर इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य शैवेन्द्र कुमार भूषण, कामिनी तिवारी तथा पराविधिक स्वयंसेवक पवन कुमार श्रीवास्तव, मनोज कुमार प्रजापति एवं रुचिता यादव सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।