एम्स रायबरेली में विश्व सीओपीडी दिवस पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

एम्स रायबरेली में विश्व सीओपीडी दिवस पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824


प्रारंभिक पहचान एवं उचित प्रबंधन से सीओपीडी मरीजों को मिल सकता है बेहतर जीवन : विशेषज्ञ

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायबरेली के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग द्वारा 18 नवंबर 2026 को विश्व दीर्घकालिक प्रतिरोधी फुफ्फुसीय या फेफड़ा संबंधी रोग (COPD) दिवस के अवसर पर ओपीडी क्षेत्र में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “बेहतर जीवन के लिए शीघ्र निदान और प्रबंधन” रही। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को फेफड़ा संबंधी दीर्घकालिक रोगों के लक्षणों, जोखिम कारकों, समय पर निदान, उपचार एवं बचाव के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का आयोजन विभाग की डॉ. कृष्णप्रिया एस. कुमार एवं डॉ. सुमित कुमार जैन के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीन अकादमिक प्रो. डॉ. नीरज कुमारी उपस्थित रहीं। इसके अलावा अपर चिकित्सा अधीक्षक (AMS) डॉ. नीरज श्रीवास्तव एवं उप चिकित्सा अधीक्षक (DMS) डॉ. गौरव त्रिवेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सीओपीडी से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान दिए। डॉ. सुमित कुमार जैन ने सीओपीडी की पहचान, लक्षणों एवं शीघ्र निदान के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. श्रुति ने तंबाकू एवं धूम्रपान छोड़ने और हानिकारक पर्यावरणीय कारकों से बचाव के बारे में बताया। डॉ. मधुकर ने सीओपीडी के समग्र प्रबंधन, सहवर्ती बीमारियों, पोषण एवं जीवनशैली में बदलाव की आवश्यकता समझाई। डॉ. अभय ने टीकाकरण के महत्व पर चर्चा की, जबकि डॉ. अरविंद ने पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन, श्वसन व्यायाम एवं शारीरिक सक्रियता के लाभ बताए।

डॉ. कृष्णप्रिया एस. कुमार ने इन्हेलर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए इन्हेलर एवं स्पेसर के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। वहीं डॉ. संकल्प ने सीओपीडी के चयनित मरीजों में शल्य चिकित्सा की भूमिका पर जानकारी दी। मेडिसिन, मनोचिकित्सा, फिजिकल मेडिसिन एवं रिहैबिलिटेशन, कम्युनिटी एंड फैमिली मेडिसिन तथा कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने भी अपने-अपने विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

कार्यक्रम में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए रेजिडेंट चिकित्सकों के बीच सीओपीडी क्विज प्रतियोगिता तथा नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए सीओपीडी जागरूकता वीडियो निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विजेताओं को मुख्य अतिथि, एएमएस एवं डीन द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। मरीजों एवं उनके परिजनों को सीओपीडी से संबंधित जानकारी देने के लिए जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. नीरज श्रीवास्तव एवं माननीय डीन महोदया ने विभाग के इस प्रयास की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर बल दिया।

कार्यकारी निदेशक डॉ अमिता जैन ने अपने प्रोत्साहन संदेश में पल्मोनरी विभाग के इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए यह संदेश भी दिया कि फेफड़ा संबंधी दीर्घकालिक रोगों की समय पर पहचान, सही उपचार, धूम्रपान से दूरी एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर मरीजों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है।