रायबरेली के हरचंदपुर में बनेगा प्रदेश का पहला उद्यान महाविद्यालय, कैबिनेट से मिली मंजूरी
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली जनपद के लिए बड़ी सौगात के रूप में हरचंदपुर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश का पहला उद्यान महाविद्यालय स्थापित किया जाएगा। प्रदेश सरकार की कैबिनेट ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह महाविद्यालय हरचंदपुर के पड़ेरा कृषि फार्म की 22 हेक्टेयर भूमि पर बनाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, महाविद्यालय के निर्माण के प्रथम चरण में लगभग 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि पूरे संस्थान के विकास पर 100 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा। इस संस्थान के स्थापित होने से प्रदेश के छात्रों को उद्यान विज्ञान (हॉर्टिकल्चर) के क्षेत्र में उच्च शिक्षा, आधुनिक शोध और तकनीकी प्रशिक्षण की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
महाविद्यालय में फल, सब्जी, पुष्प, औषधीय एवं सुगंधित पौधों की उन्नत खेती, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे न केवल छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, बल्कि किसानों को भी आधुनिक उद्यानिकी तकनीकों का लाभ प्राप्त होगा।
प्रदेश सरकार के उद्यान एवं कृषि विपणन मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने इस निर्णय पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना रायबरेली ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय बनने से क्षेत्र में शिक्षा, अनुसंधान और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस संबंध में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर परियोजना की जानकारी दी गई है।

rexpress 