रायबरेली ट्रैक्टर ट्राली से दबकर दो युवक गंभीर घायल लखनऊ ट्रामा सेंटर टू रेफर
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावां रायबरेली- कोतवाली क्षेत्र के भंवरेश्वर मार्ग पर रविवार की सुबह लगभग 11:00 के करीब सुदौली चौराहे के निकट तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर की ट्राली मोटरसाइकिल सवार दो युवकों के ऊपर पलट गई। इस हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आ गई। गंभीर हालत में उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावा लाया गया। हालत नाजुक होने के कारण दोनों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। विदित हो कि कोतवाली क्षेत्र के दामोदर खेड़ा मजरे चुरूवा गांव के रहने वाले विवेक 19 वर्ष पुत्र रामकिशोर यादव तथा उसका दोस्त सौरभ यादव 21 वर्ष पुत्र विनोद कुमार यादव उन्नाव जनपद के सोहरामऊ स्थित फ्लिपकार्ट कंपनी में काम करते हैं। सुबह दोनों मोटरसाइकिल से नौकरी के लिए जा रहे थे। वह जैसे ही सुदौली चौराहे के करीब पहुंचे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली बगल से गुजरी और इन दोनों के ऊपर पलट गई। हादसे के बाद दोनों ट्रैक्टर ट्राली में दब गए। दोनों की चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े और ट्रैक्टर ट्राली से बाहर निकाला। इस दुर्घटना में बगल में खड़ी एक बोलेरो भी क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रैक्टर चालक मौका पाकर घटनास्थल से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक प्रभात मिश्रा ने उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि सूचना मिली है। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।

rexpress 