जलाशय बने सीएचसी की अव्यवस्थाओं को व्यवस्थाओं में परिवर्तित करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी! नगर पंचायत, ग्राम पंचायत या फिर स्वास्थ्य विभाग?
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावां रायबरेली- जी हां, बीते कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से कस्बे का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलाशय में परिवर्तित हो गया है। जलाशय बने सीएचसी को लेकर कई खबरें भी प्रकाशित की गई। वही पूर्व के दिनों में सीएचसी में जच्चा-बच्चा वार्ड, अधीक्षक कक्ष, जन औषधि केंद्र एवं प्रमुख स्थानों पर बरसात का पानी भर जाने के बाद वर्तमान सपा विधायक श्यामसुंदर भारती एवं सपा कार्यकर्ताओं ने सीएचसी पर जल सत्याग्रह भी किया। वहीं जलाशय बने सीएचसी की समस्या को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष राम जी ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए इंजन लगवा कर पानी सफाई का कार्य शुरू कराया। लेकिन लगातार बारिश होने से सीएचसी में पानी भरने की समस्या समाप्त नहीं हो पा रही है, क्योंकि सीएचसी की पुरानी बिल्डिंग काफी नीचे है और सीएचसी की बाउंड्री वाल के बाहर जो नाले व नालियां पानी निकालने के लिए बनाए गए हैं, वह जाम पड़े हुए हैं। बात की जाए तो बीते बुधवार की रात हुई बारिश में फिर एक बार सीएचसी को बारिश के पानी से लबालब कर दिया। पुनः इस समस्या को लेकर जब मौके का निरीक्षण किया गया तो यह पता चला कि जच्चा बच्चा वार्ड में भरे पानी में रात में सांप भी नजर आए, जिन्हें सीएचसी में तैनात सुरक्षाकर्मी के द्वारा किसी तरह बाहर निकाला गया, वहीं पानी से मरीजों व उनके तीमारदारो को भी भारी समस्याओं का सामना करना पड़ा है।
इनसेट 1: सबसे बड़ा सवाल, सीएचसी की इस अव्यवस्था का जिम्मेदार कौन:- जी हां लगातार भारी बारिश से सीएचसी में फैली इस अव्यवस्था की जब जिम्मेदारी के विषय में जांच की गई तो पता चला कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जिस स्थान पर स्थित है, वह स्थान विकासखंड की ग्राम सभा विशुनपुर के अंतर्गत आता है, लेकिन सीएचसी में व्याप्त इस अव्यवस्था की साफ सफाई की जिम्मेदारी नगर पंचायत बछरावा उठा रहा है। कुछ स्थानीय लोगों ने जानकारी देते हुए यह भी बताया कि नगर पंचायत बछरावां सीएचसी में फैली अव्यवस्थाओं का समाधान भी कर रहा है। परंतु इस मानवता पूर्ण नेकी के लिए उसको गलियां भी सुननी पड़ रही है।
इनसेट 2: इस संबंध में क्या कहते हैं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी:- जलाशय बने सीएचसी की व्यवस्था को लेकर जब नगर पंचायत बछरावां के अधिशासी अधिकारी राम आशीष वर्मा से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि सीएचसी जिस स्थान पर स्थित है, वह क्षेत्र ग्राम पंचायत विशुनपुर में आता है, फिर भी मानवता को देखते हुए ग्राम पंचायत विशुनपुर के मुख्य स्थानो पर हमारे नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी सफाई करते हैं। जिनमें ओम नगर, पटेल नगर, संजय नगर एवं कई प्रमुख स्थान मौजूद है। फिर भी हम लोगों को इतनी नेकी करने के बाद भी गालियां सुननी पड़ती है।
इनसेट 3: इस संबंध में क्या कहते हैं ग्राम पंचायत विशुनपुर के ग्राम विकास अधिकारी:- उक्त समस्या के संबंध में जब ग्राम पंचायत विशुनपुर के ग्राम विकास अधिकारी सुशील यादव से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां एक विशेष स्थान है, इसकी साफ सफाई की व्यवस्था विगत एक दशक पूर्व स्वास्थ्य विभाग को हैंड ओवर कर दी गई थी, अब हमारा इसकी साफ सफाई से कोई लेना देना नहीं है।
इनसेट 4: उक्त समस्या के संबंध में क्या कहना है सीएचसी अधीक्षिका का:- उक्त जटिल समस्या के संबंध में जब सीएचसी अधीक्षिका अर्पिता श्रीवास्तव से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पर सीमित सफाई कर्मचारी नियुक्त हैं, अभी तक जो भी सफाई होती थी, वह नगर पंचायत एवं खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सहयोग से होती थी, बारिश प्रत्येक दिन हो रही है, पानी भी भर रहा है और मुझे उम्मीद है कि मेरे सहयोगी विभाग इस समस्या का जल्द ही निराकरण करेंगे।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि आए दिन भारी बारिश का खामियाजा भुगत कर जलाशय के रूप में परिवर्तित हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावा की साफ सफाई की जिम्मेदारी किसकी है, क्योंकि नगर पंचायत मानवता बस सफाई करा रहा है। वही ग्राम पंचायत विशुनपुर के जिम्मेदारों का कहना है कि इसकी पूर्ण जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के पास पर्याप्त कर्मचारी नहीं है। वह अपने सहयोगी विभागों पर आश्रित है ताकि सीएचसी की अव्यवस्थाएं व्यवस्थाओं में परिवर्तित हो सके।अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर पंचायत ग्राम पंचायत एवं स्वास्थ्य विभाग की तिकड़ी के बीच में फसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां कब तक व्यवस्थाओं का साकार रूप ले पाएगा, यह एक यक्ष प्रश्न बना हुआ है?

rexpress 