भजन गायन प्रतियोगिता में भाई-बहन का ऐतिहासिक प्रदर्शन, दृष्टि और दीक्षांत ने जीते प्रथम पुरस्कार..
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052357765
दृष्टि की पांचवीं जीत: सीनियर वर्ग में लगातार 5वें वर्ष प्रथम स्थान
गणेश भजन पर झूमे लोग: दृष्टि की सुरीली प्रस्तुति से पूरा परिसर आनंदित
दीक्षांत का शानदार डेब्यू: पहली बार प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर जीता प्रथम पुरस्कार
श्री कृष्ण भजन से समां: जूनियर वर्ग में दीक्षांत ने कृष्ण भजन गाकर सबको किया भाव-विभोर
एक ही परिवार को दोहरा खिताब: भाई-बहन की जोड़ी ने रायबरेली क्लब को किया गौरवान्वित
भारत विकास परिषद, रायबरेली के तत्वावधान में स्थानीय रायबरेली क्लब सभागार में एक भव्य भजन गायन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जनपद के प्रतिभावान भाई-बहन ने अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरकर दोहरा खिताब अपने नाम किया और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में रायबरेली की बेटी दृष्टि पांडे (देवांशी) ने मंच पर भगवान गणेश का अत्यंत सुरीला और भावपूर्ण भजन प्रस्तुत किया। उनकी इस प्रस्तुति पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और लोग झूमने पर मजबूर हो गए। बेहतरीन गायन के दम पर दृष्टि ने सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विशेष उल्लेखनीय है कि उन्होंने लगातार पांचवें वर्ष इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहकर अपनी गायन प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
अपनी सीनियर दीदी के पदचिह्नों पर चलते हुए जूनियर वर्ग में उनके छोटे भाई दीक्षांत पांडे ने पहली बार इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। दीक्षांत ने जैसे ही भगवान श्री कृष्ण का मधुर भजन छेड़ा, वहां मौजूद श्रोता और निर्णायक मंडल भाव-विभोर हो गए। अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने जूनियर वर्ग का प्रथम पुरस्कार हासिल किया।
एक ही परिवार के दो बच्चों द्वारा प्रतियोगिता के दोनों मुख्य वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करते ही रायबरेली क्लब का पूरा सभागार देर तक करतल ध्वनि से गुंजायमान रहा। इस गौरवपूर्ण अवसर पर निर्णायक मंडल की सदस्य प्रियंका अवस्थी, दृष्टि के संगीत गुरु योगेश मिश्रा और विद्यालय की शिक्षिका अर्पिता सिंह ने दोनों बच्चों की अद्वितीय प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
बच्चों की इस शानदार और ऐतिहासिक सफलता पर उनके गौरवान्वित पिता देवेंद्र पांडेय सहित क्षेत्र के तमाम प्रबुद्ध जनों, साहित्यकारों और संगीत प्रेमियों ने दोनों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं और उनके उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की।

rexpress 