रायबरेली-लंबित मांगों पर कार्रवाई न होने से लेखपाल संघ ने अतिरिक्त हल्कों का किया बहिष्कार

रायबरेली-लंबित मांगों पर कार्रवाई न होने से लेखपाल संघ ने अतिरिक्त हल्कों का किया बहिष्कार

-:विज्ञापन:-


महराजगंज-रायबरेली-उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर तहसील महराजगंज के लेखपालों ने शासन एवं परिषद स्तर पर लंबित मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई न होने के विरोध में अतिरिक्त हल्कों के कार्यों का बहिष्कार शुरू कर दिया है। संघ ने 22 सितंबर 2026 से अतिरिक्त हल्कों का कार्य नहीं करने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में लेखपाल संघ की ओर से तहसीलदार महराजगंज को पत्र सौंपकर अवगत कराया गया कि प्रांतीय नेतृत्व के कार्यक्रम एवं पत्रांक 004/2026 के क्रम में यह निर्णय लिया गया है। संघ का कहना है कि लंबे समय से विभिन्न मांगें शासन एवं परिषद स्तर पर लंबित हैं, लेकिन अभी तक उन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
निर्णय के अनुपालन में तहसील महराजगंज के संबंधित लेखपालों ने अपने अतिरिक्त प्रभार वाले हल्कों के बस्ते राजस्व निरीक्षक कार्यालय में जमा कर दिए हैं। इसके साथ ही अतिरिक्त हल्कों से जुड़े राजस्व कार्यों से स्वयं को अलग कर लिया है।
लेखपाल संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक लंबित मांगों के संबंध में उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक अतिरिक्त हल्कों के कार्यों का बहिष्कार जारी रहेगा। लेखपालों के इस निर्णय से अतिरिक्त प्रभार वाले हल्कों में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने की संभावना है।