रायबरेली में निकली भव्य कलश यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052357765
रायबरेली- ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में शिवमहापुराण कथा के आयोजन से पहले गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय के नेतृत्व में निकाली गई इस कलश यात्रा में हजारों की संख्या में महिलाएं और शिवभक्त शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया और श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर हिस्सा लिया। वहीं शिवभक्त भी यात्रा में शामिल होकर भगवान शिव के जयकारे लगाते नजर आए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कलश यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। आसमान से बरसते फूलों को देखकर श्रद्धालुओं में उत्साह और बढ़ गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग यात्रा के मार्ग पर मौजूद रहे।
बताया गया कि ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में चड़रई टोल प्लाजा के पास कल से शिवमहापुराण कथा का आयोजन शुरू होगा। कथा का वाचन विश्व विख्यात कथावाचक प्रदीप मिश्रा द्वारा किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
शिवमहापुराण कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कलश यात्रा के सफल आयोजन के बाद अब सभी की नजरें कल से शुरू होने वाली शिवमहापुराण कथा पर टिकी हैं।

rexpress 