रायबरेली-प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में किसान यूनियन की बैठक संपन्न
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
शिवगढ़ रायबरेली। कस्बा स्थित नहर कोठी परिसर में किसान यूनियन की बैठक प्रदेश अध्यक्ष पं. राजपाल शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, किसानों की समस्याओं तथा संगठनात्मक, गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पं. राजपाल शर्मा ने कहा कि किसानों की समस्याओं की ओर सरकार गम्भीरता से ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में धान की रोपाई का कार्य चल रहा है और किसानों को खाद की सबसे अधिक आवश्यकता है, लेकिन फार्मर आईडी बनवाने की अनिवार्यता के कारण किसानों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। इसके अलावा डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों तथा लगातार हो रही विद्युत कटौती से किसान परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार का यही रवैया रहा तो किसान यूनियन आन्दोलन करने के लिए बाध्य होगी। प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन के पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी नए पदाधिकारी की नियुक्ति केवल जिलाध्यक्ष की संस्तुति एवं सहमति से ही होगी। बिना जिलाध्यक्ष की अनुमति के किसी को भी पदाधिकारी मनोनीत नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कुछ लोग फर्जी तरीके से स्वयं को संगठन का पदाधिकारी बताकर किसानों को गुमराह कर रहे हैं, जिनसे सतर्क रहने की आवश्यकता है। बैठक में जिलाध्यक्ष सर्वेश वर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री जयवीर सिंह, प्रदेश सचिव ओम प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ.शैलेंद्र प्रताप, जोनल अध्यक्ष अनुपम वर्मा, हरेश कटारा, रामचंद्र, जिला सचिव गंगाप्रसाद, मनोज यादव, चंद्रपाल, सुशील सहित बड़ी संख्या में किसान यूनियन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

rexpress 