रायबरेली जेल के बाहर आरपी यादव के समर्थकों का जमावड़ा, लगाए जिंदाबाद के नारे
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052357765
रायबरेली- बहुचर्चित आदित्य हत्याकांड में करीब सात साल बाद आए फैसले के बाद शुक्रवार देर शाम जिला जेल के बाहर सपा नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष आरपी यादव के सैकड़ों समर्थक जुट गए। समर्थकों ने आरपी यादव के समर्थन में नारेबाजी की और उन्हें जिंदाबाद बताया। इस दौरान जेल के बाहर काफी देर तक समर्थकों की भीड़ दिखाई दी।
दरअसल, जिला न्यायालय ने आदित्य हत्याकांड में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष आरपी यादव समेत 14 आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत के फैसले के बाद सभी दोषियों को देर शाम जेल भेज दिया गया। वहीं, साक्ष्यों के अभाव में दो अन्य आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया गया।
आदित्य हत्याकांड को लेकर जिले में लंबे समय से मुकदमे की सुनवाई चल रही थी। करीब सात साल बाद फैसला आने के बाद मामले ने एक बार फिर जिले में चर्चा तेज कर दी है।
आरपी यादव रायबरेली की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वह सपा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह पूर्व बाहुबली विधायक अखिलेश सिंह और उनकी बेटी अदिति सिंह के खिलाफ चुनाव भी लड़ चुके हैं।
फैसले के बाद जेल के बाहर जुटे समर्थकों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। देर शाम तक जेल परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।

rexpress 