एम्स रायबरेली में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग का हुआ शुभारंभ
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
एम्स रायबरेली में शुरू हुई गैस्ट्रोएंटरोलॉजी ओपीडी, अब पेट-लिवर के मरीजों को मिलेगा विशेषज्ञ उपचार
प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को चलेगी ओपीडी प्रथम तल के कमरा नंबर 184 में मिलेगी विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा
रायबरेली। एम्स रायबरेली में सोमवार को गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की ओपीडी का शुभारंभ कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन द्वारा किया गया। इस नई सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को पेट, आंत, लिवर और पाचन तंत्र से संबंधित बीमारियों के उपचार के लिए बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
इस अवसर पर अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव, वित्तीय सलाहकार कर्नल उपेंद्र नाथ राय, डॉ. मधुकर मित्तल (इंटरनल मेडिसिन), डॉ. अर्चना वर्मा (न्यूरोलॉजी), डॉ. सुनीता सिंह (पीडियाट्रिक सर्जरी), डॉ. कुमार धर्मेंद्र सिंह (उप चिकित्सा अधीक्षक-II), डॉ. गौरव त्रिवेदी (उप चिकित्सा अधीक्षक-I), वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री अरविंद शुक्ला, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. साई प्रताप रेड्डी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
एम्स रायबरेली की ओर से क्षेत्र की जनता को उच्चस्तरीय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार नई चिकित्सा सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में नए संकाय सदस्य के जुड़ने के बाद ओपीडी के साथ-साथ आईपीडी सेवाएं भी शुरू की जा रही हैं।
प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को होगी ओपीडी
गैस्ट्रोएंटरोलॉजी ओपीडी प्रत्येक सोमवार एवं गुरुवार को एम्स रायबरेली की हॉस्पिटल बिल्डिंग के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 184 में संचालित होगी। यहां पेट, आंत, लिवर एवं पाचन तंत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से पीड़ित मरीज विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श और उपचार प्राप्त कर सकेंगे।
नई सुविधा शुरू होने से मरीजों को गैस्ट्रोएंटरोलॉजी संबंधी उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें एम्स रायबरेली में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
जनहित में चिकित्सा सेवाओं का विस्तार
कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने कहा कि गैस्ट्रोएंटरोलॉजी सेवाओं का विस्तार क्षेत्र के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। संस्थान का प्रयास है कि मरीजों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि एम्स रायबरेली भविष्य में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए आधुनिक एवं विशेष चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार करता रहेगा।
एम्स रायबरेली की नई गैस्ट्रोएंटरोलॉजी सुविधा से क्षेत्र के मरीजों को विशेषज्ञ उपचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है।

rexpress 