रायबरेली-डीपीआरओ के आदेश को डलमऊ एडीओ ने किया दरकिनार! एक हफ्ते बाद भी दुकानों की जांच अधर में

रायबरेली-डीपीआरओ के आदेश को डलमऊ एडीओ ने किया दरकिनार! एक हफ्ते बाद भी दुकानों की जांच अधर में

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

डीपीआरओ के आदेश के बाद भी नहीं हुई जांच, डलमऊ ब्लॉक की दुकानों पर उठे सवाल

रायबरेली- डलमऊ ब्लॉक परिसर में ब्लॉक की ओर से आवंटित दुकानों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि कुछ दुकानदारों ने आवंटित दुकानों को किराए पर दे रखा है, जबकि कुछ लोगों ने आवंटित दुकान की जगह पर अतिरिक्त निर्माण तक कर लिया है।
मामले में ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर दुकानों का आवंटन किया गया और अब आवंटित दुकानों के कथित तौर पर दूसरे लोगों को किराए पर दिए जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
मामले की खबर सामने आने के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) विनय कुमार सिंह ने इसका संज्ञान लेते हुए डलमऊ एडीओ को जांच के निर्देश दिए थे। डीपीआरओ के आदेश के बाद भी एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक जांच पूरी नहीं हो सकी है।
आरोप है कि जांच के आदेश के बावजूद मामले में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाई गई। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि आखिर डीपीआरओ के स्पष्ट निर्देश के बाद भी जांच में इतनी देरी क्यों हो रही है।
अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक दुकानों के आवंटन, किराए पर दिए जाने और कथित निर्माण की जांच पूरी कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपते हैं और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में क्या कार्रवाई की जाती है।