रायबरेली: अगवा किशोरी का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी, आरोपी पर मुकदमा दर्ज

रायबरेली: अगवा किशोरी का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी, आरोपी पर मुकदमा दर्ज

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली दो माह पहले भी अपहरण की शिकायत का मां ने लगाया आरोप, पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

रायबरेली। लालगंज कोतवाली क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी का क्षत-विक्षत शव मिलने के मामले में पुलिस ने आरोपी पिंकू कोरी के खिलाफ अपहरण समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। किशोरी की मां ने आरोपी पर अपनी नाबालिग बेटी से जबरन शादी करने का दबाव बनाने और उसका अपहरण करने का आरोप लगाया है। किशोरी का शव शनिवार रात बांदा-बहराइच हाईवे पर बाईपास फ्लाईओवर के पास मिला था। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है।

मृतका की मां के मुताबिक, उनकी बेटी लालती को आरोपी पिंकू कोरी बाइक पर बैठाकर ले गया था। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में फ्लाईओवर के पास किशोरी का शव मिलने की सूचना मिली। शव की हालत देखकर परिजनों ने अपहरण के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

दो माह पहले भी अपहरण का आरोप

मृतका की मां ने आरोप लगाया कि करीब दो माह पहले भी आरोपी ने उनकी बेटी का अपहरण किया था। उस समय उन्होंने लालगंज कोतवाली पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन उनके मुताबिक पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय दोनों पक्षों के बीच जबरन समझौता करा दिया। मां का कहना है कि यदि उस समय पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई की होती, तो शायद उनकी बेटी की जान बच सकती थी। उन्होंने पूरे मामले में पुलिस की भूमिका की जांच कराने और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने गठित की गिरफ्तारी के लिए टीम

पुलिस के मुताबिक, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में किशोरी की मौत सड़क हादसे में होने की आशंका जताई गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ अपहरण और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस का कहना है कि किशोरी की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।