रायबरेली-फर्जी कंपनियां बनाकर 100 से अधिक निवेशकों से करोड़ों की ठगी का आरोप

रायबरेली-फर्जी कंपनियां बनाकर 100 से अधिक निवेशकों से करोड़ों की ठगी का आरोप

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824


रायबरेली। जिले में फर्जी कंपनियां बनाकर निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच अलग-अलग कंपनियों के माध्यम से 100 से अधिक निवेशकों को भरोसे में लेकर करीब एक करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम हड़प ली गई। मामले में दिल्ली के एक ही परिवार के आठ सदस्यों समेत कुल 15 लोगों को नामजद किया गया है।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए कंपनियों के नाम से बॉन्ड तक जारी किए और निवेश पर बेहतर लाभ का भरोसा दिलाकर रकम जमा कराई। कुछ समय बाद निवेशकों को उनकी रकम वापस नहीं मिली तो मामले का खुलासा हुआ।
आरोप है कि दिल्ली निवासी नीलम गुप्ता और शिवजी गुप्ता समेत परिवार के अन्य सदस्य इन कंपनियों के संचालन से जुड़े थे। पीड़ितों का कहना है कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से कंपनियां बनाकर निवेशकों से रकम जुटाई और बाद में भुगतान करने से इनकार कर दिया।
पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने पहले मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद मिल एरिया पुलिस ने धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कंपनियों के दस्तावेज, बॉन्ड, बैंक खातों, निवेशकों से जमा कराई गई रकम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित ठगी का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें कितने लोग शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही ठगी की वास्तविक रकम और आरोपों की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। निवेशकों से जुड़े दस्तावेज और लेन-देन की जानकारी भी जांच का अहम हिस्सा होगी।