रायबरेली से हरदोई स्थानांतरित हुई विवेचना, एएसपी श्लोक गौतम ने टीम के साथ घटनास्थल पर की पड़ताल
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
मां-बेटी पर हमले की जांच अब हरदोई क्राइम ब्रांच के हवाले
रायबरेली-जमीन के विवाद में पुरानी रंजिश का मामला, पीड़ित पक्ष ने जगतपुर पुलिस पर निष्पक्ष जांच न करने का लगाया था आरोप
रायबरेली। जगतपुर थाना क्षेत्र के उड़वा गांव में मां-बेटी पर हुए हमले के मामले में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रकरण की विवेचना रायबरेली से हरदोई जिले की क्राइम ब्रांच को स्थानांतरित कर दी गई है। अब हरदोई के एएसपी श्लोक गौतम की अगुवाई में क्राइम ब्रांच की टीम मामले की जांच करेगी। शनिवार को एएसपी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित पक्ष के बयान भी दर्ज किए।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन के विवाद को लेकर लंबे समय से रंजिश चली आ रही है। पीड़ित पक्ष लगातार मामले में कार्रवाई की मांग कर रहा था। आरोप है कि पीड़ित पक्ष ने पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर घटना की जानकारी दी और जगतपुर पुलिस पर निष्पक्ष जांच नहीं करने का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना हरदोई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
स्कूल जाते समय कार पर हुआ था हमला
उड़वा गांव निवासी रिद्विमा सिंह सात अक्टूबर को अपनी 12 वर्षीय बेटी को कार से स्कूल छोड़ने जा रही थीं। इसी दौरान अन्नपूर्णा भवन के सामने कुछ लोगों ने उनकी कार पर हमला कर दिया और शीशे तोड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया था। रिद्विमा सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश
मामले में पुलिस ने रीतेश मिश्रा, सत्यम मिश्रा और शिवम मिश्रा को गिरफ्तार किया था। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी। अब जांच हरदोई क्राइम ब्रांच को सौंपे जाने के बाद घटना से जुड़े सभी पहलुओं की नए सिरे से पड़ताल की जाएगी, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।
हरदोई क्राइम ब्रांच करेगी विवेचना
सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि घटना के समय प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। अब मामले की विवेचना हरदोई जिले की क्राइम ब्रांच करेगी। जांच एएसपी श्लोक गौतम की अगुवाई में की जाएगी।

rexpress 