रायबरेली: सई नदी के उफान से 1000 एकड़ फसल जलमग्न, किसानों की मदद के लिए विधायक ने उठाई आवाज

रायबरेली: सई नदी के उफान से 1000 एकड़ फसल जलमग्न, किसानों की मदद के लिए विधायक ने उठाई आवाज

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824


रायबरेली में सई नदी का जलस्तर बढ़ने से हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नदी का पानी खेतों में भरने से करीब 1000 एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है और बड़ी मात्रा में फसलें प्रभावित होने की बात सामने आई है।
मामले को लेकर हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर किसानों की फसल क्षति का तत्काल आकलन कराने की मांग की है। विधायक ने पत्र में कहा कि सई नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण नदी के दोनों ओर स्थित बड़ी संख्या में किसानों की कृषि भूमि पानी में डूब गई है।
बताया गया है कि हरचंदपुर और सतांव ब्लॉक के कई गांवों में इसका असर पड़ा है। टेरा बरौला, अघौरा, रामबक्स खेड़ा, बरदर, विक्रमपुर, झबरा और विरवल समेत आसपास के गांवों के किसान जलभराव से प्रभावित हैं।
विधायक राहुल लोधी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व टीम गठित कर तत्काल स्थलीय सर्वे कराया जाए, ताकि फसल और कृषि भूमि को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन हो सके।
उन्होंने प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता और नियमानुसार फसल क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने की भी मांग की है। सई नदी के बढ़े जलस्तर से किसानों की फसलें प्रभावित होने के बाद प्रशासन के सामने क्षति का आकलन और राहत पहुंचाने की चुनौती खड़ी हो गई है।