रायबरेली-व्यवसायी के बंद पड़े घर को चोरो ने बनाया निशाना,नकदी व जेवरात लेकर फरार

रायबरेली-व्यवसायी के बंद पड़े घर को चोरो ने बनाया निशाना,नकदी व जेवरात लेकर फरार

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली- शहर के साकेत नगर मोहल्ले में चोरों ने बंद पड़े घर को निशाना बनाया। घर में किसी के न होने के कारण चोरों ने एक-एक कमरे का ताला और फिर लॉकर का ताला तोड़कर नकदी और कीमती जेवरात पार कर दिए।

शुक्रवार की शाम को परिवार घर पहुंचा तो चोरी की घटना की जानकारी हो सकी। घटना की जानकारी पर सीओ, फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक के कार्यभार संभालते ही चोरों ने घटना को अंजाम देकर चुनौती दी है।

साकेत नगर मोहल्ला निवासी शरद श्रीवास्तव व्यवसायी हैं। चार फरवरी को परिवार के साथ प्रतापगढ़ जनपद के अठेहा में रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। दो मंजिला घर में ऊपर का हिस्सा खाली पड़ा है और नीचे परिवार के साथ रहते थे।

शादी समाराेह से शुक्रवार की शाम करीब साढ़े चार बजे वह घर पहुंचे तो गेट का ताला उसी तरह से बंद रहा, लेकिन जैसे ही गेट खोलकर अंदर गए तो दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो तीनों कमरों के ताले टूटे पड़े थे और अलमारी का लाकर तोड़कर चोराें ने नकदी और जेवरात पार कर दिए।

शरद के रिश्तेदार अमित ने बताया कि घर में रखी तीन लाख की नकदी और करीब 20 लाख के जेवरात चोरों ने पार कर दिए हैं। चोर चहारदीवारी फांदकर अंदर पहुंचे थे। इसकी सूचना पर सीओ ने परिवारजन से घटना की जानकारी ली। फारेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। सीओ अरुण कुमार का कहना है कि टीम बनाकर जांच की जा रही है, तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।