रायबरेली-डीएम ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर दिया गया जोर
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के निर्देश
रायबरेली-जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दृष्टिगत पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराए जाने के संबंध में समस्त पर्यवेक्षणीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (SSR) का कार्य तेजी से संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 28 व 29 नवम्बर 2026 को विशेष अभियान दिवस का आयोजन किया जा रहा है, उक्त तिथियों में जनपद के सभी बूथों पर भी बीएलओ उपस्थित रहेंगे, इसके साथ ही कार्य के पर्यवेक्षण हेतु जनपद स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो भ्रमणशील रहकर किए जा रहे कार्य का पर्यवेक्षण करेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाते हुए युवाओं, महिलाओं एवं अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुनरीक्षण कार्य में पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि निर्वाचक नामावली शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/ उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार, उप जिलाधिकारी प्रीति सिंह, उप जिलाधिकारी सारा अशरफ, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

rexpress 