ऊंचाहार-माई छोटा स्कूल में बच्चों ने माता-पिता का पूजन कर पेश की संस्कारों की मिसाल,,

ऊंचाहार-माई छोटा स्कूल में बच्चों ने माता-पिता का पूजन कर पेश की संस्कारों की मिसाल,,

-:विज्ञापन:-




रिपोर्ट-सागर तिवारी

*​ऊँचाहार, रायबरेली*। नगर के गायत्री नगर स्थित माई छोटा स्कूल में शनिवार को 'मातृ-पितृ पूजन दिवस' का भव्य आयोजन किया गया। इस भावुक कार्यक्रम में बच्चों ने पाश्चात्य संस्कृति के बजाय भारतीय संस्कारों को अपनाते हुए अपने माता-पिता की पूजा की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

*​हस्तनिर्मित भेंट से जीता माता-पिता का दिल*

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने माता-पिता के चरणों में पुष्प अर्पित किए और चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। बच्चों ने अपने माता-पिता को गिफ्ट देकर सम्मानित किया। बच्चों ने आकर्षक गिफ्ट स्वयं तैयार किया। जिनमें कार्ड्स और ब्रेसलेट रहे। बच्चों से गिफ्ट पाकर माता-पिता अभिभूत हो गए और बच्चों के कौशल की भूरि भूरि प्रसंशा की।

*​सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां:*

पूजन के उपरांत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जिसमें अनिका, सुदीक्षा और आर्या सिंह ने 'अकेले हम अकेले तुम' गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं अन्वी, यशस्वी, आर्या यादव, प्रिशा गुप्ता, सर्वश्रेष्ठ, देव, श्रेया, वनिष्का, श्रेयांश, अनिद्य, अनाया, देवांशी और शाश्वत के द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। बाद में ​विद्यालय की प्रबंधिका मेनका कपूर ने बच्चों के इस सफल आयोजन की भूरि भूरि प्रसंशा करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताते हुए कहा कि माता-पिता की सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है। अभिभावकों ने स्कूल की इस पहल की सराहना करते हुए इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।