भदोही घरेलू विवाद में महिला से मारपीट व छेड़छाड़ का आरोप, थाने में तहरीर

भदोही घरेलू विवाद में महिला से मारपीट व छेड़छाड़ का आरोप, थाने में तहरीर

-:विज्ञापन:-


भदोही-जनपद भदोही के थाना ज्ञानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरगपुर निवासी एक महिला ने अपने ससुर व देवर पर मारपीट, गाली-गलौज, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थिनी भारामती पत्नी रविन्द्र कुमार के अनुसार जब वह अपने घर में साफ-सफाई कर रही थी। इसी दौरान उसके ससुर लक्ष्मण प्रसाद यादव मौके पर पहुंचे और उसके कमरे के सामने रखे बेड को तोड़ने लगे। विरोध करने पर ससुर ने उसके साथ हाथ-मुक्का और लात से मारपीट की तथा अभद्र गालियां दीं। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
पीड़िता ने बताया कि घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और थाने आकर तहरीर देने की बात कही। इसके बाद जब वह थाने जा रही थी, तभी रास्ते में नहर के मोड़ के पास उसके देवर मनोज यादव ने उसे रोक लिया। आरोप है कि देवर ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ अश्लील हरकत की, जमीन पर गिराकर कपड़े खींचे और बेइज्जत करने का प्रयास किया।
किसी तरह वहां से बचकर निकलने पर देवर ने उसे धमकी दी कि उसने अपने पिता से सारी संपत्ति अपने नाम करा ली है और अब मारपीट कर उसे घर से निकाल देगा। पीड़िता का आरोप है कि जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी एक दबंग रिश्तेदार, निवासी मिर्जापुर, के संरक्षण में उसे लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा है और पूर्व में सुलहनामा लिखवाने का दबाव भी बनाया गया था।
पीड़िता ने पुलिस से विपक्षियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है, मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।