रायबरेली-एक पानीपूरी विक्रेता से 30 हजार रंगदारी मांगने का आरोप,,,,

रायबरेली-एक पानीपूरी विक्रेता से 30 हजार रंगदारी मांगने का आरोप,,,,

-:विज्ञापन:-



रिपोर्ट-सागर तिवारी

ऊंचाहार-रायबरेली एक पानीपूरी विक्रेता से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। वीरेंद्र नामक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उससे दो सगे भाइयों ने 30 हजार रुपए सालाना रंगदारी मांगी है।
वीरेंद्र मूल रूप से जालौन जिले के ग्राम पूरे नंदी का निवासी है और वर्तमान में रायबरेली के ऊंचाहार में गंदानाला के पास पानीपूरी का ठेला लगाता है। उसका आरोप है कि जगतपुर में रहने वाले दो सगे भाई, जो बाबूपुरा थाना रामपुरा तहसील माधौगढ़ जिला जालौन के मूल निवासी हैं, उससे रंगदारी मांग रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, आरोपी भाई जगतपुर चौराहे पर पानीपूरी का ठेला लगाते हैं। उन्होंने वीरेंद्र पर दबाव बनाकर कहा कि अगर उसे रायबरेली जिले में ठेला लगाना है तो उन्हें सालाना 30,000 रुपए देने होंगे। जब वीरेंद्र ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे गालियां दीं और धमकी दी कि वे 5 अगस्त 2025 को पैसे लेने आएंगे और पैसा न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
वीरेंद्र ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह आरोपियों से काफी भयभीत है क्योंकि वे दबंग प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। इस मामले में कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही गांव के रहने वाले हैं और ठेला लगाकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया है। कोतवाल ने कहा कि अगर बातचीत से मामला हल नहीं होता है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।