रायबरेली-बूथों पर प्रतिदिन दो घंटे बैठेंगे बीएलओ: डीएम

रायबरेली-बूथों पर प्रतिदिन दो घंटे बैठेंगे बीएलओ: डीएम

-:विज्ञापन:-


मतदाताओं को अब नहीं होगी असुविधा:हर्षिता माथुर

रायबरेली। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि जनपद में समाविष्ट छः विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों यथा 177-बछरावां (अ०जा०), 179-हरचन्दपुर, 180-रायबरेली, 181-सलोन (अ०जा०), 182-सरेनी एवं 183-ऊँचाहार में विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण (एसआईआर) में नोटिसों की सुनवाई का काम जारी है। अब तक करीब 40 हजार से अधिक नोटिसों की सुनवाई का काम पूरा हो चुका है। काम में तेजी लाने व मतदाताओं की सहूलियत के लिए जनपद के 2451 बूथों पर बीएलओ प्रतिदिन दो घंटे बैठेंगे। इस दौरान अनंतिम मतदाता सूची देखने के साथ ही फार्म छह, सात और आठ भी भरवाए जाएंगे। एसआइआर से संबंधित जानकारी भी लोग बीएलओ से ले सकेंगे। जनपद में छह तहसील सहित 42 केंद्रों पर नोटिसों की सुनवाई का काम जारी है। इस दौरान फार्म छह, सात और आठ भरे जा रहे हैं। अबतक लगभग 75 हजार लोगों ने फार्म छह भरे हैं। फिलहाल भारत निर्वाचन आयोग ने बीएलओ व एसआइआर से जुड़े अधिकारियों को राहत देते हुए एक माह का अतिरिक्त समय दिया है। वही मतदाताओं को भी राहत देते हुए निर्वाचन आयोग ने सभी बीएलओ को दो घंटे बूथ पर बैठने का आदेश दिया है। जनपद के 2451 बूथों पर सभी बीएलओ प्रतिदिन दो घंटे मैौजूद रहेंगे। इस दौरान वह लोगों के फार्म छह सात व आठ भरवाएंगे। वहीं मतदाताओं को अपनी समस्याओं को लेकर इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। प्रत्येक बीएलओ को मतदाता अनंतिम सूची दी गई है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सम्प्रति चल रहे अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से सम्बन्धित कार्यक्रम की तिथियों को संशोधित कर दिया है। आयोग द्वारा घोषित संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि  06 मार्च 2026 तक निर्धारित की गई है। नोटिस चरण, प्रवेश अधिकार पर निर्णय और दावों और आपत्तियों का निपटान की अवधि 27 मार्च 2026 तक, स्वास्थ्य मापदंडों की जांच 03 मार्च 2026 तक एवं मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को निर्धारित किया गया है।