रायबरेली-जनपद की हाईटेक नगर पंचायत बनी नरक पंचायत, दिखाई पड़े स्वच्छता के खूबसूरत नजारे

रायबरेली-जनपद की हाईटेक नगर पंचायत बनी नरक पंचायत, दिखाई पड़े स्वच्छता के खूबसूरत नजारे

-:विज्ञापन:-





नगर पंचायत के सभासद ने ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देकर नगर पंचायत की स्वच्छता पर कसा व्यंग्यात्मक तंज


रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647

बछरावां रायबरेली। बुधवार की सुबह जनपद की हाईटेक नगर पंचायत बछरावां बनी नगर पंचायत पर स्वच्छता के एक खूबसूरत नजारे को लेकर की गई सोशल मीडिया पोस्ट बड़ी तेजी के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होते ही चर्चा का विषय बन गई। वायरल पोस्ट के विषय में जब पड़ताल की गई तो पता चला कि यह पोस्ट नगर पंचायत बछरावां के सभासद ज्ञान सिंह के फेसबुक सोशल मीडिया अकाउंट से की गई है। जिसमें उन्होंने जनपद की हाईटेक नगर पंचायत बछरावां को नरक पंचायत बताते हुए व्यंग्यात्मक तंज कसते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है। साथ ही साथ उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह बताया कि वैसे प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या स्वच्छता से चमक रही है, लेकिन एक नगरी और है भगवान राम की अर्थात नगर पंचायत बछरावां जहां सरकार के द्वारा स्वच्छ भारत मिशन का बजट तो खूब दिया गया और नगर पंचायत के जिम्मेदारों के द्वारा उसे खर्च भी दोनों हाथों से किया गया, लेकिन उसका असर कहीं दिखाई नहीं दिया। साथ ही साथ उन्होंने अपनी पोस्ट के माध्यम से यह भी बताया है कि प्रभु की इस नगरी में मौत, मिट्टी और कफ़न पर वोट मिलता है, जिससे जिम्मेदार माननीय जी उसी में व्यस्त रहते हैं और उनकी नगर पंचायत के कर्मचारी उनकी इसी व्यस्तता का फायदा उठाकर नगर पंचायत का कबाड़ और कूड़ा बेचकर मौज मस्ती उड़ा रहे हैं, क्योंकि जिम्मेदार अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी कुंभकर्णी नींद में लिप्त है। सीलिए सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की निर्मम हत्या कर सरकारी कर्मचारी सरकार को चुनौती दे रहे हैं। अपनी ही नगर पंचायत के जिम्मेदारों पर इस व्यंग्यात्मक तंज को लेकर जब उनकी इस पोस्ट के विषय में जानकारी ली गई तो पता चला कि वह जिस वार्ड यानी वार्ड नंबर 10 से सभासद है, उसमें स्वच्छ भारत मिशन योजना के खूबसूरत नजारे देखने को मिल रहे हैं, वार्ड में बने शौचालय एवं मूत्रालय उजाले को तो छोड़ ही दे, अंधेरे में भी देखने के लायक नहीं है। उनमें गंदगी की तो बात ही छोड़ें बल्कि गंदगी का नरक दिखाई दे रहा है। खैर नगर पंचायत के इस सभासद ने अपनी वार्ड की जनता की ओर से नगर पंचायत के स्वच्छ भारत के खूबसूरत नजारों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है वही जब इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामाशीष वर्मा से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि मुझे उक्त मामले की जानकारी प्राप्त हुई है, मै अभी नायक को भेजकर दिखवाता हूँ। अब ऐसे में सवाल यह उठना लाजमी हो जाता है कि क्या ऊपरी दिखावे अर्थात अपने व्यवहार और बातचीत से स्वच्छ व साफ दिख रहे नगर पंचायत के जिम्मेदारों के कार्यो में इतनी गंदगी भरी हुई है कि उनके क्षेत्र में सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत मिशन को उजाले में तो छोड़ ही दे, बल्कि अंधेरे में भी नहीं देखा जा सकता है।