रायबरेली-अघोषित बिजली कटौती से भड़का जनता का गुस्सा, पॉवर हाउस घेर बुलंद की आवाज़
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावां रायबरेली। वर्तमान समय में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच बिजली विभाग की मनमानी ने बछरावां की जनता के सब्र का बांध तोड़ दिया है। अघोषित बिजली कटौती से त्रस्त सैकड़ों उपभोक्ताओं ने मंगलवार को भाजपा नेता और अधिवक्ता हरिओम चतुर्वेदी के नेतृत्व में बछरावां पावर हाउस का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अघोषित कटौती को तत्काल बंद करने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हरिओम चतुर्वेदी ने कहा कि पारा 45 डिग्री के पार पहुँच चुका है, लेकिन बिजली विभाग 'लोकल फॉल्ट' और 'रोस्टिंग' के नाम पर घंटों बिजली गुल रख रहा है। रात भर बिजली न रहने से बच्चे और बुजुर्ग बीमार हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी एसी कमरों में बैठकर जनता का दर्द नहीं समझ रहे हैं और शिकायतों पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही है।
घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बिजली न होने के कारण नलकूप नहीं चल पा रहे, जिससे गांवों में पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। वहीं कस्बे के व्यापारियों का कहना है कि बिजली की आंख-मिचौली से उनका धंधा पूरी तरह ठप हो चुका है। किसानों ने भी अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि सिंचाई न होने से फसलें सूख रही हैं। घंटों चले प्रदर्शन के बाद उपभोक्ताओं ने विभाग के उच्चाधिकारियों को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। हरिओम चतुर्वेदी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा, "यह केवल एक सांकेतिक प्रदर्शन है। यदि एक सप्ताह के भीतर अघोषित बिजली कटौती बंद नहीं हुई और जर्जर तारों की मरम्मत नहीं की गई, तो बछरावां की जनता सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करने और उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।" मौके पर पहुँचे बिजली विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुना और तकनीकी खामियों को दूर कर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही प्रदर्शनकारी शांत हुए।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से सचिन रावत, आलोक पांडेय, मेराज मनीष गुप्ता सहित अन्य क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

rexpress 