दिल्ली मुख्यालय की टीम ने रायबरेली रेलवे स्टेशन पर की निरीक्षण, टिकट-पार्सल और माल ढुलाई की जांच की
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली-दिल्ली मुख्यालय से सहायक वाणिज्य प्रबंधक (टिकट चेकिंग विभाग) गुप्त राज सिंह तथा लखनऊ से वाणिज्य निरीक्षक (टिकट चेकिंग विभाग) रोहित वर्मा के नेतृत्व में टीम स्टेशन पहुंची।
रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को दिल्ली मुख्यालय और लखनऊ मंडल की संयुक्त टीम ने वाणिज्य विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यालयों व इकाइयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पार्सल विभाग, मुख्य टिकट निरीक्षक कार्यालय, रिजर्वेशन काउंटर आफिस, माल बाबू कार्यालय, अनारक्षित टिकट घर के साथ-साथ वाशिंग लाइन का गहन अवलोकन किया गया। टीम ने संबंधित अभिलेखों की जांच की । टिकट चेकिंग, पार्सल बुकिंग, माल ढुलाई और यात्री सुविधाओं से जुड़े बिंदुओं पर जांच की गई।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक ने क्या कहा?
दिल्ली मुख्यालय से सहायक वाणिज्य प्रबंधक (टिकट चेकिंग विभाग) गुप्त राज सिंह का कहना है कि अभी तक वाशिंग लाइन क्षेत्र में बाहर से माल लाकर उसकी हैंडलिंग की जाती रही है, लेकिन आने वाले समय में यहां से ही माल भेजने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
इसके तहत न केवल देश के विभिन्न हिस्सों में, बल्कि विदेशों तक माल भेजने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है। इसके लिए आवश्यक आधारभूत ढांचे, सुविधाओं और प्रक्रियाओं को तैयार करने की योजना बनाई जा रही है।
इस पहल से रायबरेली रेलवे स्टेशन की वाणिज्यिक क्षमता में वृद्धि होगी और स्थानीय व्यापारियों व उद्यमियों को सीधा लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान यात्रियों की सुविधा से जुड़े बिंदुओं पर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। टीम ने अधिकारियों को कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए ।इसके बाद टीम लखनऊ की ओर रवाना हो गई।

rexpress 