रायबरेली; नाली विवाद में हैवानियत, गर्भवती के पेट पर बरसाए लात-घूंसे, कोख में ही मर गया 7 माह का बच्चा

रायबरेली; नाली विवाद में हैवानियत, गर्भवती के पेट पर बरसाए लात-घूंसे, कोख में ही मर गया 7 माह का बच्चा

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट- सागर तिवारी

 ऊंचाहार/रायबरेली- कोतवाली क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ नाली के मामूली विवाद में दबंग पड़ोसियों ने एक गर्भवती महिला के पेट पर लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे उसके 7 माह के अजन्मे बच्चे की कोख में ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्या है पूरा मामला?
घटना ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम 'गौरा लोधन' (मजरे खरौली) की है। पीड़ित संदीप कुमार (पुत्र रामभवन) ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपनी पत्नी कामिनी के साथ रहता है। 21 जनवरी 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे पड़ोसी मनोज (पुत्र रामअवध) और रामअवध (पुत्र बद्री प्रसाद) से नाली के विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षियों ने संदीप की पत्नी कामिनी, जो 7 माह की गर्भवती थी, को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा।
अस्पताल में टूटा दुखों का पहाड़
पेट में गंभीर चोट लगने के कारण कामिनी की हालत बिगड़ गई। पुलिस ने मेडिकल करवाकर उसे पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल रेफर किया। इलाज के दौरान 23 जनवरी की सुबह करीब 9:30 बजे कामिनी ने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। पीड़ित के अनुसार, चिकित्सकों ने पुष्टि की है कि बच्चे की मौत माँ के पेट में लात-घूंसे लगने के कारण हुई है।
दादी की चीत्कार से दहल गया अस्पताल
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो किसी का भी दिल दहला सकता है। वीडियो में मृत नवजात बच्चे को गोद में लिए उसकी दादी अस्पताल परिसर में बिलख-बिलख कर रो रही हैं। "हाय मोरे पूतऊ... हाय मोरे रनिया..." की उनकी चीत्कार सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

पीडिता ना इंसाफ की लगाई गुहार

घटना के बाद पुलिस ने शुरुआत में एनसीआर (NCR No. 9/2026) दर्ज की थी। लेकिन अब बच्चे की मौत के बाद पीड़ित संदीप ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर हत्या के आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।