रायबरेली-नोटिस के विरोध में चल रहे आंदोलन में व्यापारियों को मिला बछरावां व्यापार मंडल का समर्थन

रायबरेली-नोटिस के विरोध में चल रहे आंदोलन में व्यापारियों को मिला बछरावां व्यापार मंडल का समर्थन

-:विज्ञापन:-





हमारा संगठन हर प्रकार से सुपर मार्केट के दुकानदारों एवं व्यापारियों के साथ: सुनील सागर

रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647

बछरावाँ रायबरेली। रायबरेली स्थित सुपर मार्केट के ध्वस्तीकरण तथा नगरपालिका द्वारा दुकानदारों को दुकानें खाली करने के लिए जारी किए गए नोटिसों के विरोध में चल रहे व्यापारियों के आंदोलन को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल बछरावाँ का समर्थन मिला है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील सागर ने व्यापारियों के पक्ष में खड़े होते हुए कहा कि बिना उचित वैकल्पिक व्यवस्था और समुचित संवाद के व्यापारियों को उजाड़ना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। वर्षों से अपनी रोज़ी-रोटी इन्हीं दुकानों के माध्यम से चलाने वाले छोटे व्यापारियों के सामने आज आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यवाही करते समय मानवीय संवेदनाओं, व्यापारियों के हितों और उनके परिवारों की आजीविका का ध्यान रखना आवश्यक है। नोटिस देकर दुकानों को खाली कराने का दबाव बनाना व्यापारियों का मानसिक,आर्थिक और सामाजिक उत्पीड़न है,जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। मौके पर व्यापार मंडल के संरक्षक भूमंडल शुक्ला ने कहा सुपर मार्केट के व्यापारियों के साथ हो रही कार्यवाही अत्यंत चिंताजनक है। प्रशासन को चाहिए कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करते हुए पहले उचित समाधान और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करे। व्यापारियों के सम्मान और आजीविका से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस मौके पर युवा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी मौके पर व्यापार मंडल के महामंत्री नीरज साहू ने कहा सरकार और प्रशासन को चाहिए कि पहले व्यापारियों के लिए वैकल्पिक स्थान,पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था और पारदर्शी योजना प्रस्तुत करें। व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष डॉक्टर विजय पाल ने कहा हम व्यापारी समाज के साथ हैं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।