बारिश के बाद अब सताएगी गलन भरी सर्दी, कोहरे संग बर्फीली हवाएं बढ़ायेंगी ठंड
हिमालय क्षेत्र पर सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने यूपी के मौसम पर काफी असर दिखाया, जिसके चलते राज्य कड़ाके की सर्दी के दिनों में बारिश की फुहारों में सराबोर हो गया। कई इलाकों में ग्यारह घंटों में 14 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।
पिछले हफ्ते शुक्रवार को भी पश्चिमी विक्षोभ के असर से तेज बारिश दर्ज हुई थी। इस बार पश्चिमी विक्षोभ का असर मुख्य रूप से मंगलवार को पश्चिम यूपी में पड़ा। बुधवार सुबह लखनऊ और आस-पास के इलाकों में बारिश हुई।
आज से मौसम साफ, बर्फीली हवाएं कंपाएंगी
पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरी तरह हटने से आज से यूपी का मौसम साफ रहने के आसार हैं। कुछ हिस्सों में सुबह के वक्त थोड़े समय के लिए कोहरे के बाद अधिकांश हिस्सों में धूप निकलने की उम्मीद है। 31 जनवरी तक मौसम का मिजाज ऐसे ही जारी रहेगा। हालांकि आज से मैदानों में बर्फीली हवाएं रात के तापमान गिराएंगी। इससे न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक जाने के आसार हैं। दिन में भी ठिठुरन भरी हवाएं धूप को बेअसर कर सकती हैं। 31 जनवरी की रात से मौसम में फिर बदलाव के आसार हैं। एक और दो फरवरी को वेस्ट यूपी में बादल, बारिश, ओलावृष्टि का दौर चलेगा।
बुधवार को दिन-रात के तापमान क्रमश: 18.8 एवं 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुए। दोपहर तक बादल छाए रहे। कुछ समय के लिए हल्की धूप निकली और रात को हवाएं चलने लगी। मंगलवार के सापेक्ष दिन में 4.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई जबकि रात में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट। मौसम विभाग के अनुसार 28-31 जनवरी तक यूपी में सर्द दिन की स्थितियां बन सकती हैं।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार मध्यान्ह साढ़े बारह बजे से बारिश शुरू हो गई। कुछ देर झमाझम बारिश होने के बाद रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी होने का सिलसिला रात साढ़े ग्यारह बजे तक लगातार चलता रहा। इसके बाद बारिश थम गई, लेकिन आसमान पर घने बादल छाए रहे। बुधवार सुबह आठ बजे आसमान पर छाए घने बादलों ने देर शाम जैसा नजारा कर दिया। कई इलाकों में बारिश हुई। आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही जारी रही।
हवा काफी सर्द रही, जिसके चलते लोगों ने धूप में भी खास गर्माहट महसूस नहीं की। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार को सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छा सकता है, लेकिन पूर्वान्ह के बाद आसमान पर आंशिक बादलों के साथ धूप खिलने के आसार हैं।

rexpress 