रायबरेली-संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का अजीबोगरीब अवस्था में मिला शव, मचा हड़कंप

रायबरेली-संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का अजीबोगरीब अवस्था में मिला शव, मचा हड़कंप

-:विज्ञापन:-





खेतों की तरफ गई महिलाओं के द्वारा युवक का शव देखने के पश्चात मची अपरा तफरी, पुलिस ने शव पीएम के लिए भेजा



परिजनों व ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका, आरोपों की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस


रिपोर्ट:-ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647


बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजामऊ गाँव में मंगलवार की सुबह लगभग 11:00 बजे के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में एक 35 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर खेतों के पास अजीबोगरीब अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। जिसे सूचना पर पहुंची पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनाक्रम के अनुसार मंगलवार की सुबह तकरीबन 11:00 बजे के आसपास स्थानीय गांव की कुछ महिलाएं अपने खेतों की तरफ जा रही थी, तभी उन्होंने गांव के बाहर स्थित एक खेत की मेड के किनारे मृतक युवक ननकऊ पुत्र रामभरोसे उम्र 35 वर्ष निवासी राजामऊ का अजीबोगरीब अवस्था यानी खेत की मेड के किनारे एक कठूमर के पेड़ के सहारे उक्त पेड़ की डाल से लटक रहे दुपट्टे से बधे गले के कारण बैठने के आसन में उक्त युवक का शव देखा। शव देखने के पश्चात उक्त महिलाओं में अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया और उन्होंने तत्काल गांव पहुंचकर घटना की सूचना ग्रामीणों एवं मृतक युवक के परिजनों को दी। सूचना गांव में आग की तरह फैलते ही घटनास्थल पर सैकड़ो ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया और उक्त स्थान पर पहुंचे परिजनों में चीख पुकार मच गई। वहीं ग्रामीणों के द्वारा सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आगे की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस को मृतक युवक के पास से दो मोबाइल फोन, जिनमें एक स्मार्टफोन और एक कीपैड फोन  के साथ-साथ उसकी प्लैटिना गाड़ी की चाबी भी उसकी कमर से लटकी हुई बरामद हुई है, फिलहाल गाड़ी का अभी पता नहीं चल पाया है। साथ ही साथ पुलिस के द्वारा मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं परिजनों की मानी जाए तो उनका कहना है कि मृतक युवक ननकऊ बीते सोमवार की देर शाम घर से बिना बताए गायब हो गया था, जिसकी खोजबीन लगातार की जा रही थी और युवक के मोबाइल फोन पर फोन भी किया जा रहा था, घंटी जा रही थी, परंतु युवक के द्वारा फोन उठाया नहीं जा रहा था। साथ ही साथ परिजनों व ग्रामीणों के द्वारा उक्त मृतक युवक के साथ हुई किसी अनहोनी की घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई गई है। वहीं थाना प्रभारी बछरावां श्याम कुमार पाल ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है, मौके पर पहुंची पुलिस के द्वारा मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के द्वारा जो भी तहरीर प्राप्त होगी, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही साथ परिजनों के द्वारा जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी भी गहनता से जांच की जाएगी। फिलहाल उक्त घटना के पश्चात स्थानीय पुलिस ग्रामीणों व परिजनों के आरोपों के अनुसार हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है।