रायबरेली:नगर पंचायत के वार्ड संख्या 4, खत्री टोला में बन रही सीसी रोड पर बड़ा विवाद जाने क्या❓

रायबरेली:नगर पंचायत के वार्ड संख्या 4, खत्री टोला में बन रही सीसी रोड पर बड़ा विवाद  जाने क्या❓

-:विज्ञापन:-




 रिपोर्ट-सागर तिवारी


 ऊंचाहार/रायबरेली: नगर पंचायत के वार्ड संख्या 4, खत्री टोला में बन रही सीसी रोड पर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय निवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन और ठेकेदार पर अतिक्रमण हटाने में पक्षपात का आरोप लगाया है।
सोमवार दोपहर 2:30 बजे मोहल्ले के निवासी तौफीक शाह, इस्लाम, मुमताज और गुड्डू सोनी समेत दर्जनों लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल आम नागरिकों के चबूतरे और अतिक्रमण हटा रहा है, जबकि प्रभावशाली लोगों के अतिक्रमण को नहीं छुआ जा रहा है।
इस मुद्दे पर पूर्व नगर पंचायत प्रतिनिधि अरशद सुल्तान ने कहा कि शासन द्वारा स्वीकृत यह विकास कार्य पूरी तरह निष्पक्ष होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाया जाना है, तो वह शुरू से अंत तक सभी का समान रूप से हटना चाहिए।
सुल्तान ने चेतावनी दी कि यदि नगर पंचायत ने समान रूप से कार्रवाई नहीं की, तो वे स्थानीय लोगों के साथ धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
मामले की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कृष्ण चंद्र जायसवाल से संपर्क किया गया। उन्होंने ऑडियो क्लिप के माध्यम से स्थिति स्पष्ट करते हुए आश्वासन दिया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।
जायसवाल ने कहा, "जब कोई अधिकारी मौके पर जाएगा और अतिक्रमण हटाएगा, तो वह एक तरफ से हटाएगा। ऐसा नहीं हो सकता कि एक का टूटे और दूसरे का छोड़ दिया जाए। कल अधिकारियों को भेजकर मौके की जांच कराई जाएगी और उसके बाद ही अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"
फिलहाल, अधिशासी अधिकारी (ईओ) द्वारा फोन न उठाए जाने से निवासियों में संशय बना हुआ है। हालांकि, अध्यक्ष प्रतिनिधि के आश्वासन के बाद अब सभी की निगाहें आगामी जांच पर टिकी हैं।