रायबरेली:मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए विशेष अभियान, नायब तहसीलदार ने बूथों का किया औचक निरीक्षण

रायबरेली:मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए विशेष अभियान, नायब तहसीलदार ने बूथों का किया औचक निरीक्षण

-:विज्ञापन:-




     रिपोर्ट-सागर तिवारी




ऊँचाहार-रायबरेली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत शनिवार को जनपद में 'विशेष अभियान दिवस' का आयोजन किया गया। इसी क्रम में ऊँचाहार तहसील के विभिन्न प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में स्थित मतदेय स्थलों (बूथों) पर शिविर लगाकर मतदाता सूची को अपडेट करने का कार्य किया गया।
एसडीएम राजेश कुमार श्रीवास्तव के कुशल निर्देशन में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शनिवार दोपहर लगभग 2:00 बजे नायब तहसीलदार शम्भू शरण पाण्डेय ने बीएलओ सुपरवाइजर व लेखपाल प्रमोद गुप्ता के साथ क्षेत्र के विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) से अब तक प्राप्त हुए फॉर्मों की जानकारी ली।
निरीक्षण और निर्देश
नायब तहसीलदार ने मतदाता सूची का बारीकी से अवलोकन किया और उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि:
नए मतदाता: जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, उनके नाम फॉर्म-6 के माध्यम से अनिवार्य रूप से जोड़े जाएं।
त्रुटि सुधार: मृतक, शिफ्टेड या दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण संशोधन के लिए फॉर्म-8 का प्रभावी उपयोग हो।
दिव्यांग मतदाता: दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन पर विशेष जोर दिया जाए ताकि चुनाव के समय उन्हें उचित सुविधा मिल सके।
6 फरवरी तक चलेगा अभियान
उल्लेखनीय है कि जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 06 फरवरी 2026 निर्धारित है। आज विशेष अभियान के तहत बीएलओ द्वारा बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची पढ़कर सुनाई गई, ताकि स्थानीय नागरिक अपनी प्रविष्टियों की शुद्धता सुनिश्चित कर सकें।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य चेक करें।