रायबरेली-ऊंचाहार:इटौरा बुजुर्ग में पानी के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष,दोनों पक्षों के कई लोग घायल,,,

रायबरेली-ऊंचाहार:इटौरा बुजुर्ग में पानी के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष,दोनों पक्षों के कई लोग घायल,,,

-:विज्ञापन:-


   रिपोर्ट-सागर तिवारी

    
ऊंचाहार, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम इटौरा बुजुर्ग में रविवार को खेत में पानी लगाने के विवाद ने भयानक हिंसक रूप धारण कर लिया। दो पक्षों के बीच पिछले दो दिनों से चल रही तनातनी खूनी झड़प में तब्दील हो गई, जिसमें लाठी-डंडों के प्रहार से दोनों ओर के कई लोग लहूलुहान हुए हैं।
घटनाक्रम के अनुसार, प्रथम पक्ष के यदुराज सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही युवराज सिंह और उज्जवल प्रताप सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर सरेराह हमला किया। बीच-बचाव के लिए आए यदुराज के चचेरे भाई अभय उर्फ आदित्य और ज्ञानेंद्र सिंह को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा। सिर में गंभीर चोटें आने के कारण यदुराज और अभय को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
वहीं, दूसरे पक्ष से भी भारी हिंसा की खबर सामने आई है। खेत में पानी लगाने को लेकर हुए इसी विवाद में 51 वर्षीय मधुबाला सिंह (पत्नी चमन सिंह) और 24 वर्षीय युवराज सिंह (पुत्र रमन सिंह) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शुरुआती उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें भी उच्च केंद्र (हायर सेंटर) के लिए रेफर कर दिया है।
कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर और शिकायतों के आधार पर मामले की गहेनता से जांच की जा रही है।