रायबरेली-खंभे पर चढ़कर काम कर रहा कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसा, लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावां रायबरेली। बछरावां विद्युत केंद्र के लापरवाह कर्मचारियों का एक मामला शुक्रवार को फिर देखने को मिला। जहां पर फीडर बंद करने की बात के बाद जब कर्मचारी बिजली के खंभे के ऊपर चढ़ा तो वहां पर लाइन चालू थी। इसी की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया। जहाँ से उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मौजूदा समय में बछरावां विद्युत उपकेंद्र से जुड़े भैरमपुर फीडर में इस समय मरम्मत का काम चल रहा है। ठेकेदार बबलू सिंह द्वारा जहां-जहां भी खंभो का गैप है, वहां पर खंभे गाड़े जा रहे हैं। इसी कार्य में लगे विद्युत कर्मी धर्मेंद्र कुमार उम्र 30 वर्ष निवासी पुरे पेगू देवराज तिवारीपुर परशदेपुर तारों के बांधने का काम कर रहा था। धर्मेंद्र के मुताबिक उसको भैरमपुर फीडर को बंद होने की सूचना लाइनमैन विकास के द्वारा दी गई। और वह जैसे ही खंभे पर चढ़ा, इसी दौरान वह हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया। बिजली विभाग की इस लापरवाही से हड़कंप मच गया। इलाज के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावा लाया गया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। जब इस मामले में अवर अभियंता उमेश यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामले की सूचना मिली है। जांच की जा रही है, जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।

rexpress 