रायबरेली-ऊंचाहार: खेल-खेल में गई आरयन की जान,,,,?

रायबरेली-ऊंचाहार: खेल-खेल में गई आरयन की जान,,,,?

-:विज्ञापन:-



रिपोर्ट-सागर तिवारी


ऊंचाहार (रायबरेली): ऊंचाहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डिहवा मजरे कंदराँवां गांव में सोमवार का दिन एक परिवार के लिए काल बनकर आया। यहाँ घर के बाहर खेल रहे एक चार वर्षीय मासूम बच्चे की गड्ढे में भरे पानी में डूबने से असामयिक और दुखद मृत्यु हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी उमेश कुमार का चार वर्षीय बेटा अपने घर के दरवाजे पर ही खेल रहा था। घर के समीप ही एक गड्ढा था जिसमें पानी भरा हुआ था। मासूम अपनी धुन में खेलते-खेलते अचानक उस गड्ढे की ओर चला गया और पैर फिसलने से गहरे पानी में जा गिरा। दुर्भाग्यवश, घटना के वक्त आसपास किसी की नजर नहीं पड़ी, जिससे बच्चे को तत्काल मदद नहीं मिल सकी।
काफी देर बाद जब घर में बच्चे की आवाज नहीं आई, तो परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन करने पर जब उनकी नजर गड्ढे में पड़ी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बदहवास परिजनों ने आनन-फानन में उसे बाहर निकाला और उम्मीद की आस में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऊंचाहार लेकर भागे। वहां मौजूद चिकित्सकों ने बच्चे की जांच की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीत्कार गूंज उठी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।